मुंबई: बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पर अचानक आ गिरा पेड़, 1 छात्र की मौत
महाराष्ट्र के मुंबई में एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां एक स्कूल बस पर पेड़ गिर पड़ा. जिस समय ये पेड़ गिरा, उस वक्त बस में स्कूली बच्चे सवार थे. बस तिलकनगर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की थी. इस दुर्घटना में 10 से ज्यादा बच्चों के घायल होने की खबर है. वहीं, एक बच्चे की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, ये हादसा मुंबई के चेंबूर इलाके में दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर हुआ है. बस जब 11 नंबर रोड से गुजर रही थी, तभी उसके ऊपर अचानक पेड़ गिर पड़ा. इस दुर्घटना में 10 बच्चे घायल हो गए हैं. इनमें से 4 छात्रों को जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कई बच्चे अंदर ही थे. मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है. सभी बच्चों को बस से बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन एक छात्र को पेड़ की चपेट में आ गया.
चेंबूर के स्थानीय लोगों ने स्थानीय अधिकारियों को कई पत्र लिखकर पेड़ों की छंटाई या उन्हें हटाने की मांग की थी, इससे पहले भी यहां ऐसी ही एक घटना हो चुकी थी. हालांकि, कई पत्र लिखने के बावजूद BMC ने कोई कार्रवाई नहीं की.
