IPL में मुंबई का सबसे बड़ा रन चेज, लखनऊ को 6 विकेट से हराया, रोहित-रिकेल्टन की फिफ्टी
मुंबई इंडियंस ने IPL में अपना सबसे बड़ा रन चेज किया है। टीम ने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स पर 6 विकेट की जीत दर्ज की। टीम ने मौजूदा सीजन में लगातार तीन हार के बाद जीत का स्वाद चखा है। वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर बैटिंग कर रही लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 228 रन बनाए। मुंबई ने 229 रन का टारगेट 18.4 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। विल जैक्स ने आवेश खान की बॉल पर छक्का मारकर टीम को जीत दिला दी। रन चेज में ओपनर्स ने मुंबई को विस्फोटक शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन की जोड़ी ने 65 बॉल पर 143 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की।
रोहित शर्मा ने 44 बॉल पर 6 चौके और 7 छक्कों के सहारे 84 रन बनाए। जबकि रायन रिकेल्टन ने 32 बॉल पर 83 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 8 छक्के शामिल रहे।
निकोलस पूरन ने एक चौका और 8 छक्कों के सहारे 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने ओपनर मिचेल मार्श के साथ 35 बॉल पर 94 रन की साझेदारी की। मार्श 44 रन बनाकर आउट हुए।
ऐडन मार्करम ने नाबाद 31 और हिम्मत सिंह ने नाबाद 40 रन बनाए। कॉर्बिन बॉश को 2 विकेट मिले। अल्लाह गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
