दिल्ली की रोहिणी जेल में मर्डर, धारदार हथियार से विचाराधीन कैदी की हत्या
दिल्ली की रोहिणी जेल में एक अंडरट्रायल कैदी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है, जो आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल में बंद था. हमले के बाद प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है. प्रमोद पर जेल के अंदर ही धारदार हथियार से हमला किया गया. साथी कैदियों भोला और मुकेश पर हमला करने का आरोप है. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल प्रमोद को जेल से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रमोद कथित तौर पर जेल के अंदर तंबाकू बेचता था. बताया जा रहा है कि इसी को लेकर उसका दूसरे कैदियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उस पर हमला किया गया. हालांकि, हमले की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है.
घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गए हैं. हमले में आरोपी कैदियों की भूमिका की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार जेल के अंदर कैसे पहुंचा.
शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे गैंगवार की बात सामने नहीं आई है. पुलिस और जेल प्रशासन घटना के पूरे घटनाक्रम और हत्या की वजह का पता लगाने में जुटे हैं.
