हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या, रायपुर में मोबाइल पर बात करते शख्स पर हमला..

क्षेत्रीय

रायपुर : माना इलाके में एक बुजुर्ग को मोबाइल में बात करते हुए देखकर एक सनकी युवक चिढ़ गया। उसने हथौड़े से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद भाग निकला। बाद में पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया। डूमरतराई के हाईटेक पार्किंग में करीब 50 वर्षीय नजरू खान और उनके बेटे काम करते हैं। उसी पार्किंग में धीरज शर्मा भी काम करता था। शनिवार की रात करीब 9 बजे नजरू खान अपने मोबाइल में बात कर रहे थे। बात करते हुए वे पार्किंग में टहल रहे थे।

इसी दौरान धीरज का भांजा अर्पित शर्मा पीछे से पहुंचा। हथौड़ी से नजरू के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इससे वे बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़े। शोरशराब सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। इस बीच अर्पित वहां से फरार हो गया। घायल नजरू को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। मामले की शिकायत पर माना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। फिर उसकी तलाश शुरू कर दिया।

रविवार को पुलिस ने आरोपी अर्पित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धमतरी का रहने वाला है। वह अपने मामा धीरज के यहां आया था। हत्या का कारण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अचानक ही हमला किया। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है। हत्या के कारणों का पुलिस पता लगा रही है।