धमतरी शहर के मकई तालाब में 12 दिसंबर को मिली सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने आरोपी रफीक खान (30 वर्ष) को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि क्रांति चतुर्वेदी (35 वर्ष) उस पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
हत्या के एंगल से जांच कर रही पुलिस ने 15 दिसंबर को आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार युवक रफीक खान आदतन बदमाश है। क्रांति और रफीक साथ में शराब पीते थे। इस दौरान उनके बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि क्रांति हमेशा उससे अप्राकृतिक संबंध बनाने की डिमांड करता था। 6 दिसंबर को भी दोनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इसके बाद क्रांति उससे अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए कहने लगा, जब उसने मना किया, तो उसने विवाद करना और दबाव बनाना शुरू कर दिया। गुस्से में आकर उसने क्रांति के सिर को पहले वहीं पास में पड़े ईंट से कुचला। फिर धारदार चाकू से 8 बार गले को रेता। इसके बाद लाश को तालाब में फेंककर उसे कपड़े से ढंक दिया। आरोपी ने बताया कि तालाब में ही उसने खून से सने चाकू को भी धोया। अपने कपड़े और हाथ-पैर को भी पानी से साफ किया और इसके बाद घर वापस लौट आया।