क्या मंगल में दिखा रहस्यमयी ‘चमकदार’ बेलन? जिसे देखकर वैज्ञानिक ने NASA से पूछा सवाल

हार्वर्ड के एक एस्ट्रोफिजिसिस्ट ने अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा से ‘मंगल’ की सतह पर 2022 में ली गई एक छोटी, चमकदार बेलनाकार चीज की जांच करने के लिए क्यूरियोसिटी रोवर को भेजने की मांग की है. उनका कहना है कि उसकी पहचान होना, इसलिए जरूरी है कि उससे लाल धरती वाले ग्रह के बारे में कुछ अहम जानकारियां मिल सकती हैं.

ब्रह्मांड में अनंत संभावनाएं छिपी हैं, तो अनगिनत राज ऐसे भी हैं, जिन्हें वैज्ञानिक अब तक नहीं सुलझा पाए हैं. कुछ साल पहले हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने मंगल ग्रह पर एक रहस्यमयी चीज देखी थी. उस समय उस घटना को विज्ञान जगत की सबसे बड़ी हलचल माना गया था. लाल ग्रह पर किसी चमकदार ‘बेलन’ जैसी दिखने वाली वो चीज क्या थी, जिसे देखकर साइंटिस्ट हैरान-परेशान हो गए थे. अब एक बार फिर से उसकी चर्चा हो रही है. करीब 20 सेंटीमीटर लंबी इस चीज की पहली तस्वीर 2022 में सामने आई थी. लेकिन इसकी ऑफिशियल पहचान नहीं हो सकी कि आखिर ये क्या चीज है. साइंटिस्ट एवी लोएब का कहना है कि उसकी जांच पड़ताल सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए थी.

एवी लोएब ने हाल ही में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा था कि चार सालों से दुनिया इससे अनजान है. जबकि इसका पता लगाना रोवर के रुटीन कामों से इतर एजेंसी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए थी. इस ऑब्जेक्ट को सबसे पहले प्लेनेट रिसर्चर रामी बार इलान ने NASA की क्यूरियोसिटी इमेज के आर्काइव को रिव्यू करते समय देखा था. इसके बाद फ्लोरिडा-बेस्ड फाउंडेशन फॉर एप्लाइड मॉलिक्यूलर इवोल्यूशन से संबद्ध डॉ. जान स्पेसेक ने लोएब का ध्यान इस ओर दिलाया.

इस कथित ‘बेलन’ जैसी चीज की तस्वीर क्यूरियोसिटी रोवर ने लाल ग्रह मंगल के इक्वेटर के पास रोवर ने ली थी. इस चीज को गोल सिलींड्रिकल शेप बताया गया था. इसकी लंबाई करीब 20 सेंटीमीटर और सिरा चपटा था. इसकी सतह इतनी चमकदार थी कि मंगल ग्रह की ऊबड़-खाबड़ जमीन पर भी एकदम साफ नज़र आ रही थी. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसके आकार की तुलना जमीन पर पड़ी पार्टी हैट से भी की थी. हार्वर्ड वैज्ञानिक का कहना है कि नासा (NASA) ने ऑफिशियली अबतक इस चीज की पहचान नहीं की है और ना ही इस पर कोई कमेंट किया है.