22 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले स्पेन के राफेल नडाल ने टेनिस से संन्यास ले लिया है। 38 साल के नडाल ने कल मंगलवार (19 नवंबर) को अपने होमग्राउंड मलागा में डेविस कप में करियर का आखिरी मुकाबला खेला, हालांकि वे इसे हार गए। उन्हें नीदरलैंड के 80वीं रैंकिंग वाले बोटिक वान डे जैडशुल्प ने 6-4, 6-4 से हराया। नडाल डेविस कप में लगातार 29 मैच जीतने के बाद हारे हैं।
मार्टिन कारपेना एरिना में एक भावुक वीडियो के जरिए दिग्गज को विदाई दी गई। उन्होंने कहा- मैं मन की शांति के साथ टेनिस से विदा हो रहा हूं। मुझे खुशी है कि मैं एक विरासत छोड़ गया हूं, जो सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत विरासत है। मैं समझता हूं कि मुझे जो प्यार मिला है, अगर यह सिर्फ कोर्ट पर हुआ होता, तो वह वैसा नहीं होता।
नडाल ने अपने संन्यास के सम्मान में आयोजित समारोह में कई लोगों को श्रेय दिया। उन्होंने अपने चाचा टोनी नडाल का नाम लिया। टोनी ने नडाल को टेनिस खेलने के लिए प्रेरित किया। नडाल मेंस सिगल्स में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। नडाल ने 22 खिताब जीते हैं। सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में सर्बिया के नोवाक जोकोविच हैं, जिन्होंने अब तक 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। 4 साल पहले ही स्विट्जरलैंड के महान टेनिस प्लेयर रोजर फेडरर ने संन्यास लिया था। अब नडाल ने भी खेल को अलविदा कह दिया है। फेडरर ने 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते थे।