मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर से 600 किलो वजनी शिवलिंग अयोध्या लाया जा रहा है। शिवलिंग 5 दिनों में 1000 किलोमीटर की यात्रा करके 23 अगस्त को अयोध्या पहुंचेगा। शिवलिंग 4 फीट ऊंचा है। यह नर्मदा नदी के किनारे मिला था। इसलिए इसे नर्मदेश्वर महादेव के रूप में जाना जाता है। अभी तक यह ओंकारेश्वर के पास बिल्लोरा खुर्द में नजर निहाल आश्रम में रखा गया था।
इसे श्रीराम मंदिर परिसर में ही स्थापित किया जाएगा। हालांकि, इस बारे में राम मंदिर ट्रस्ट ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र ने बताया, ”18 अगस्त यानी शुक्रवार को शिवलिंग के पूजन के बाद इसे प्रतिष्ठा यात्रा के रूप में रवाना कर दिया गया। यह यात्रा 5 दिन में एक हजार से भी ज्यादा किमी का सफर तय कर अयोध्या पहुंचेगी।” 23 अगस्त को राम जन्मभूमि न्यास को यह शिवलिंग सौंप दिया जाएगा।
अनिल मिश्र ने बताया, ”राम मंदिर निर्माण का काम युद्ध स्तर पर जारी है। शिवलिंग कहां पर स्थापित होगा? इसका निर्णय ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय करेंगे। वे 22 अगस्त को अयोध्या पहुंच रहे हैं।”
यात्रा उज्जैन, ब्यावरा, शिवपुरी, कानपुर होते हुए अयोध्या पहुंच रही है। अवधूत नर्मदानंद बापजी के अनुसार, राम मंदिर के विग्रह के चारों ओर बन रहे करीब 14 फीट चौड़े परकोटे के 6 मंदिरों में से एक मंदिर में ओंकारेश्वर का शिवलिंग स्थापित किया जाएगा। यह हमारे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। श्रीराम के इस पावन जन्मस्थली में स्थापित होने वाले शिवलिंग को ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र से चुना गया है।
अवधूत नर्मदानंद बापजी के अनुसार वे पहले जम्मू से अयोध्या तक राष्ट्र गौरव पदयात्रा और राष्ट्रधर्म विजय यात्रा में शामिल हो चुके हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से हुई। उनके आग्रह पर नर्मदेश्वर शिवलिंग की खोज शुरू की गई। मान्यता के मुताबिक, नर्मदा का हर कंकड़ शंकर माना जाता है। इसलिए नर्मदा में शिवलिंग की तलाश शुरू की गई। लंबी तलाश के बाद ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र में इच्छित शिवलिंग मिलने पर उसे अंतिम स्वरूप दिया गया।
🚩 नर्मदेश्वर महादेव अयोध्या प्रतिष्ठा रथ यात्रा
मध्यप्रदेश के लिये गौरव का क्षण
ओंकारेश्वर से नर्मदेश्वर महादेवजी अयोध्या राम जन्मभूमि में विराजमान होंगे। बाबा नर्मदेश्वर महादेव की विशाल शोभा यात्रा का दर्शन लाभ और आशीर्वाद अहिल्या नगरी के वासियों को प्राप्त हुआ।वहिप बजरंग दल pic.twitter.com/vHcxyQtZCs— Rajesh Binjwe VHP (@RajeshBinjweVhp) August 19, 2023