नेशनल हाईवे 30 हादसा…. तेज रफ्तार ट्रकों की टक्कर में 3 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 एक बार फिर खून से लाल हो गया। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम रतेसरा के पास ऐसा भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार से दौड़ रहे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद का मंजर बेहद भयावह था। ट्रक बुरी तरह चकनाचूर हो चुके थे, शव वाहनों में फंसे हुए थे और हाईवे पर चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। इस टक्कर के चलते नेशनल हाईवे-30 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चारामा पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी और भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का कठिन और लंबा अभियान शुरू किया गया, ताकि यातायात को बहाल किया जा सके। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *