अमेरिका पर टूटने वाली है आसमानी आफत?
जब हम प्राकृतिक आपदा की बात करते हैं, तो अक्सर भूकंप या सुनामी का नाम आता है. लेकिन अगर मैं आपसे कहूं कि कैलिफोर्निया, जो अक्सर सूखे और जंगल की आग के लिए खबरों में रहता है, वह अब एक बिल्कुल उलट आपदा की दहलीज पर खड़ा है, अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के लिए वैज्ञानिकों ने ऐसी चेतावनी दी है, जो किसी भी भूकंप से भी ज्यादा विनाशकारी हो सकती है. वैज्ञानिकों ने इसे ‘ArkStorm 2.0’ नाम दिया है. इसे लेकर उनका कहना है कि यह मेगा-फ्लड (महाबाढ़) कैलिफोर्निया के नक्शे को हमेशा के लिए बदल सकती है. वैज्ञानिकों के अनुसार, ‘ARkStorm’ एक ऐसी काल्पनिक लेकिन संभावित स्थिति है, जिसमें हफ्तों तक लगातार भीषण बारिश होती है. इसे बाइबिल जैसी बाढ़ (Biblical Flood) कहा जा रहा है, क्योंकि इसकी भयावहता हजारों साल पहले की महान प्रलय जैसी हो सकती है. यह स्थिति तब बनती है, जब प्रशांत महासागर से वायुमंडलीय नदियां (Atmospheric Rivers) नमी का विशाल भंडार लेकर कैलिफोर्निया के तट से टकराती हैं.
वैज्ञानिकों के अनुसार, यह कोई एक दिन की बारिश नहीं होगी, बल्कि हफ्तों तक चलने वाला तांडव होगा. इससे आसमान में नमी की एक विशाल ‘नदी’ बन जाएगी, जो हफ्तों तक कैलिफोर्निया पर पानी बरसाएगी. इतिहास गवाह है कि कैसे 1861-62 में ऐसी ही एक बाढ़ आई थी, जिसने कैलिफोर्निया की सेंट्रल वैली को 300 मील लंबी झील में बदल दिया था. उस समय राज्य की राजधानी सैक्रामेंटो 10 फीट पानी में डूब गई थी.
