नवा रायपुर एयर शो, आसमान में दिखा तिरंगा… सूर्यकिरण टीम ने दिखाए शानदार फॉर्मेशन
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के मौके पर नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (SKAT) ने बुधवार को ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि पूरा आसमान तिरंगे से भर गया। 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स एक साथ उड़ान भरते हुए जब हवा में तिरंगा बनाते नजर आए, तो हजारों दर्शकों की तालियां गूंज उठीं। यह एयरो शो सेंध लेक के ऊपर आयोजित किया गया, जो नवा रायपुर के सबसे आकर्षक स्थलों में से एक है। भारतीय वायुसेना की इस टीम ने कई जोखिमभरे और दिल थाम देने वाले हवाई करतब दिखाए- “डायमंड फॉर्मेशन”, “हर्ट शेप”, और “ट्राईकलर स्मोक ट्रेल” जैसी उड़ानों से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया।
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने सूर्यकिरण टीम की कमान संभाली और अपने निर्देशन में 9 जेट्स ने एकदम सटीक सामंजस्य के साथ आसमान में नजारे पेश किए। एयर शो के दौरान फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने जमीन पर मौजूद दर्शकों और उड़ते विमानों के बीच सेतु का काम किया। उन्होंने पूरे शो के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी संभाली और दर्शकों को हर मूवमेंट की जानकारी दिलचस्प अंदाज में दी। कार्यक्रम में लोगों का उत्साह इतना अधिक था कि तेलीबांधा से सेंध लेक जाने वाली सड़क पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आम वाहनों के साथ-साथ कई वीआईपी वाहन भी इस ट्रैफिक में फंस गए। एयरपोर्ट से सत्य साईं हॉस्पिटल तक लगभग यही स्थिति रही। प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
राज्योत्सव के अवसर पर यह एयरो शो न केवल वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रदर्शन था, बल्कि युवाओं को देशभक्ति से जोड़ने का प्रयास भी। छत्तीसगढ़ सरकार और वायुसेना के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस शो में परिवारों, बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शक हर करतब पर “भारत माता की जय” के नारे लगाते नजर आए। शो के बाद कई लोग भावुक होकर बोले – “ऐसा नजारा पहली बार देखा… यह सिर्फ शो नहीं, गर्व का अनुभव था।”
सेंध लेक के आसपास राज्योत्सव की सजावट, तिरंगे झंडे और लाइव बैंड म्यूज़िक ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। शाम होते-होते झील के ऊपर तैरते जेट्स की परछाइयों और लाइट शो ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के इस खास मौके पर सूर्यकिरण टीम ने न केवल देश की ताकत दिखाई बल्कि प्रदेशवासियों के दिलों में गर्व और देशभक्ति की लहर भी दौड़ा दी।
