नवजोत सिद्धू बोलीं- डेली गोमूत्र पीती हूं, कथावाचक अनिरुद्धाचार्य को कहा- कैंसर भी इसी से ठीक हुआ

पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से मुलाकात की, जिसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपनी बीमारी और उससे जुड़ी जीवनशैली के बारे में बात की। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें स्टेज-4 कैंसर होने का पता चला था। उनके अनुसार, डॉक्टरों की एक टीम ने उन्हें कहा था कि उनके पास केवल चार सप्ताह का समय बचा है। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद उन्होंने अपनी जीवनशैली में बड़े बदलाव किए। डॉ. सिद्धू के मुताबिक, उन्होंने आयुर्वेद के अनुसार खानपान शुरू किया। नियमित रूप से गोमूत्र का सेवन किया। गोमूत्र से स्नान भी किया। उनका कहना है कि इन बदलावों से उन्हें कैंसर से लड़ने में मदद मिली और आज वह खुद को स्वस्थ बताती हैं। कैंसर एक गंभीर बीमारी है और इसके इलाज के लिए आधुनिक चिकित्सा पद्धतियां जैसे सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन, इम्यूनोथेरेपी आदि वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित हैं। किसी भी वैकल्पिक उपाय को अपनाने से पहले योग्य ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) से सलाह लेना जरूरी है।

वीडियो में बातचीत के दौरान डॉ. सिद्धू ने कहा कि पाम ऑयल, जंक फूड, गलत खानपान। कई बीमारियों की बड़ी वजह हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खराब डाइट से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, जबकि आयुर्वेदिक डाइट शरीर को मजबूत बनाती है। मुलाकात के दौरान अनिरुद्धाचार्य ने अपने अनुयायियों को डॉ. नवजोत कौर सिद्धू से मिलवाया। उन्होंने कहा कि ये नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं इन्होंने कैंसर से लड़ाई लड़ी है। लोग इनकी डाइट से प्रेरणा लें। गौमाता की महत्ता को समझें। उन्होंने लोगों से बीमारियों से बचने के लिए भारतीय परंपराओं को अपनाने की बात कही। डॉ. सिद्धू हाल ही में वृंदावन भी गई थीं, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। गौरी गोपाल आश्रम में अनिरुद्धाचार्य से बातचीत की। उन्होंने इन मुलाकातों को “प्रेरणादायक” बताया।

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अनिरुद्धाचार्य के साथ बातचीत बहुत ज्ञानवर्धक रही। उन्होंने कहा कि भारत में इतने संत और गुरु होने के बावजूद लोग अपने धर्म और मूल्यों से दूर हो रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश में कई महान धार्मिक गुरुओं और महापुरुषों का नाम लिया, जैसे भगवान राम, भगवान कृष्ण, गुरु तेग बहादुर जी, गुरु गोबिंद सिंह जी, गुरु नानक देव जी। साथ ही उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब और भगवद गीता जैसी पवित्र शिक्षाओं का भी जिक्र किया।

डॉ. सिद्धू ने लिखा कि आज भी कई आध्यात्मिक गुरु लोगों को सही रास्ता दिखा रहे हैं, जैसे प्रेमानंद महाराज, श्री श्री रविशंकर, सद्गुरु। उन्होंने कहा कि ये गुरु सत्य, संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग बताते हैं, लेकिन लोग इन बातों को अपनाने से पीछे हट रहे हैं-जो उनके अनुसार चिंता की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *