बीजापुर में 7 नक्सली ढेर..जवानों को सांप ने काटा, 3 दिन में 2 महिला और 5 पुरुष नक्सलियों का एनकाउंटर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र में शनिवार को जवानों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इसके पहले सेंट्रल कमेटी सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर और तेलंगाना कमेटी का सदस्य भास्कर मारा गया था। सुरक्षाबलों के मुताबिक सभी नक्सलियों के शव और ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं। मारे गए सुधाकर पर 1 करोड़ और भास्कर पर 45 लाख का इनाम था। सुधाकर छुट्टी से जंगल लौटा था, तभी मुठभेड़ में मारा गया। बताया जा रहा है कि 5 जून को पहली मुठभेड़ के बाद सुधाकर का शव बरामद हुआ था। यह वही सुधाकर है, जिसने दंडकारण्य क्षेत्र में नक्सल शिक्षा केंद्रों की शुरुआत की थी। वहीं 6 जून को नक्सली कमांडर भास्कर को मारा गया, जो तेलंगाना स्टेट कमेटी से जुड़ा हुआ था। 3 दिनों से गोलीबारी चल रही है. इस मुठभेड़ के बीच जवानों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, एक को सांप ने काटा तो कुछ जवान डिहाइड्रेशन का शिकार हुए हैं.
नेशनल पार्क इलाके में चल रही मुठभेड़ में जवान दोहरी चुनौती का सामना कर रहे हैं.ऑपरेशन के दौरान एक जवान को सांप ने काटा, 6 जवान मधुमक्खी के हमले का शिकार हुए. इतना ही नहीं इस ऑपरेशन पर निकले कुछ जवान डिहाइड्रेशन का भी शिकार हुए हैं. इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में लाया गया है.