नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार, जमीन के नीचे छिपाए 14 हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

गढ़चिरोली जिले में नक्सल गतिविधियों पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए गढ़चिरोली पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई हाल ही में स्थापित बंगाड़ी पुलिस मदद केंद्र के अंतर्गत महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से सटे कुमनार जंगल क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार जिले में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है, लेकिन सुरक्षा बलों पर हमलों और विध्वंसक गतिविधियों के लिए नक्सली जंगलों में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखते रहे हैं। गुप्त सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान दल (प्राणहिता) की चार टीमों, बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ता (बीडीडीएस) तथा सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया।

तलाशी के दौरान बीडीडीएस ने संदिग्ध स्थान की जांच की, जहां जमीन के भीतर दबाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद हुआ। अभियान में 14 रायफल, तीन मैगजीन, एक आईईडी, दो बैटरियां तथा अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में ऐसे सर्च अभियान आगे भी जारी रहेंगे।