नेतन्याहू बोले- ईरान ने बेटे की हत्या की कोशिश की, ट्रम्प के बेटे को भी मिल चुकी धमकी

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि ईरान ने उनके परिवार को निशाना बनाया और उनके दो बेटों में से एक की हत्या की कोशिश की थी। उन्होंने यह बात सरकार समर्थक चैनल 14 को फोन पर दिए इंटरव्यू में कही।

नेतन्याहू चुनाव से पहले अपने परिवार और दूसरे राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था पर बात कर रहे थे। नेतन्याहू ने कहा, उन्हें दी जा रही सुरक्षा कोई ऐशोआराम नहीं है।

नेतन्याहू के दो बेटे याइर और अवनर हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उनके दोनों बेटों में से किसे निशाना बनाया गया था। हत्या की कोशिश कब और कैसे की गई।

याइर, बेंजामिन नेतन्याहू के बड़े बेटे हैं। वे सरकार या संसद में कोई पद नहीं संभालते, लेकिन सोशल मीडिया पर अपनी राजनीतिक राय और दक्षिणपंथी विचारों के लिए चर्चा में रहते हैं।

विवाद तब बढ़ा, जब विदेश में रहने के बावजूद याइर को इजराइली सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा मिलती रही। आलोचकों ने सवाल उठाया कि एक वयस्क व्यक्ति के विदेश में रहने पर उसकी सुरक्षा का खर्च इजराइली सरकार क्यों उठा रही है।

2018 से 2023 के बीच याइर, उनके छोटे भाई अवनर और मां सारा नेतन्याहू की सुरक्षा पर करीब 102.05 करोड़ रुपए खर्च होने की जानकारी सामने आई थी।

नेतन्याहू की सुरक्षा में इजराइल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शीन बेट (आईएसए) की बड़ी भूमिका है। सुरक्षा सिर्फ नेतन्याहू तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सरकारी और निजी घरों की सुरक्षा भी की जाती है।

इजराइल में प्रधानमंत्री और उनके परिवार को सुरक्षा मिलती है। लेकिन नेतन्याहू परिवार की सुरक्षा को लेकर विवाद इसलिए बढ़ा, क्योंकि सारा नेतन्याहू और उनके दोनों वयस्क बेटों याइर व अवनर को लंबे समय तक सुरक्षा देने का फैसला हुआ।

जुलाई 2026 में एक मंत्रीस्तरीय समिति ने नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा को जीवनभर सुरक्षा देने का फैसला किया। वहीं, दोनों बेटों को कम से कम 5 साल तक सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया।

अवनर इजराइल में रहते हैं। याइर पिछले कुछ सालों से ज्यादातर मियामी में रह रहे हैं। यह सुरक्षा उन्हें नेतन्याहू के आगामी चुनाव हारने की स्थिति में भी मिलेगी।

इससे पहले ईरान के सरकारी टीवी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटे बैरन को लेकर धमकी भरा कार्यक्रम दिखाया गया।

तेहरान टाइम्स के मुताबिक करीब 3 मिनट के इस कार्यक्रम में बैरन तक पहुंचने और उनकी सुरक्षा का पता लगाने की कोशिशों के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में बैरन के आसपास रहने वाले लोगों, उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों और उनसे जुड़े ठिकानों को ग्राफिक्स के जरिए दिखाया गया।

इसमें बताया गया कि उनकी सुरक्षा में लगी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम के आखिर में बैरन को निशाना बनाने से जुड़े 1 करोड़ डॉलर के इनाम का भी जिक्र किया गया।