रावघाट प्रोजेक्ट में नई रेल लाइन मंजूर, बस्तर में 140KM लंबी बिछेगी रेल लाइन, केंद्र ने दिया 3513.11 करोड़ रुपए

बस्तर को रेल से जोड़ने के लिए भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन (140 किमी) परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 3513.11 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिसका वहन केन्द्रीय बजट से किया जाएगा। रावघाट-जगदलपुर रेललाइन बनने पर कोंडागांव और नारायणपुर जैसे जिलों में पहली बार रेल लाइन बिछेगी। प्रस्तावित रेललाइन के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। रेल लाइन बनने के बाद छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट करता हूं। बस्तर के दूरस्थ और जनजातीय जिलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का सपना अब साकार होगा। यह परियोजना बस्तर अंचल के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
रावघाट से जगदलपुर रेल लाइन 2028 तक बनकर तैयार हो जाएगी। अभी रायपुर से जगदलपुर ट्रेन से जाने के लिए तितलागढ़ होकर जाना पड़ता है। ये रूट 626 किमी लंबा है, जिसमें 14 घंटे लगते हैं। नई लाइन के बिछते ही रायपुर से भिलाई, दल्ली राजहरा होकर 360 किमी की दूरी तय कर जगदलपुर पहुंच जाएंगे। अगर इस रूट पर वंदे भारत चली तो 4 घंटे में ही पहुंच जाएंगे। इसमें 10 क्रॉसिंग, 2 हॉल्ट होंगे। बता दें कि 140 किमी के प्रोजेक्ट के लिए 776.34 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण 2023 से चल रहा है। इसमें अब तक 264.6 हेक्टेयर जमीन ली जा चुकी है। रावघाट से जगदलपुर के बीच 12 स्टेशन बना रहे हैं। इनमें पल्लीगांव, कुरकानार बस्तर, सोनारपा, भनपुरी, दहीकोंगा, बनियागांव, कोंडागांव, जुगनी, चांदगांव, नारायणपुर, भरनदा शामिल हैं।