कनाडा से अमेरिका और यूरोप तक फैल रहा कोरोना का नया वेरिएंट, जानिए कितना है खतरनाक

साल 2020 में कोहराम मचाने के बाद कोरोना का एक नया वेरिएंट PJ.2.1, चर्चे में आ गया है। इस नए वेरिएंट ने उत्तरी अमेरिका और दुनिया के अन्य हिस्सों में पांव पसारना शुरू कर दिया है। मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार पहचाने गए SARS-CoV-2 के इस नए रूप का पता बाद में अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी चला। इसके फैलने से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या इससे संक्रमण की एक और लहर आ सकती है, और क्या मौजूदा इम्युनिटी इससे बचाव के लिए काफी है।

इस वेरिएंट में ‘स्पाइक प्रोटीन’ में बहुत अधिक म्यूटेशन हुए हैं। स्पाइक प्रोटीन, कोरोना वायरस का वह भाग है जो उसे इंसानी कोशिकाओं के अंदर घुसने में मदद करता है।

हालांकि, ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शुरुआती रिसच से पता चलता है कि इसके तेजी से फैलने का मुख्य कारण शायद यह है कि यह ACE2 रिसेप्टर से अधिक मजबूती से जुड़ता है, न कि यह कि यह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडीज़ को आसानी से चकमा दे सकता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी इस बात पर जोर दिया है कि COVID-19 के लक्षण इन्फ्लूएंजा और सांस संबंधी अन्य संक्रमणों के लक्षणों से मिलते-जुलते हो सकते हैं, जिससे केवल लक्षणों के आधार पर बीमारी की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।

हालांकि PJ.2.1 के सामने आने के बाद लगातार निगरानी रखने की जरूरत है, लेकिन अभी ऐसे पर्याप्त सबूत नहीं हैं जिनसे यह साबित हो सके कि यह पहले मौजूद वेरिएंट्स की तुलना में अधिक गंभीर बीमारी पैदा करता है।

क्या हैं इसके लक्षण?

कोविड-19 के इस नए वेरिएंट के लक्षण सामान्य फ्लू से काफी मिलते-जुलते हैं:

ठंड लगना
सिर दर्द
बुखार लगना
नाक बंद होना
गले में खराश
थकान
मांसपेशियों में दर्द
पेट से जुड़ी परेशानियां

कारण और फैलने की वजह?

इस वायरस में स्पाइक प्रोटीन का म्यूटेशन होता है, जिससे यह प्रोटीन किसी चाबी की तरह ACE2 रिसेप्टर्स का उपयोग करके होस्ट सेल्स में जुड़ जाता है। इसके फैलने की सबसे मुख्य वजह छींक-खांसी की बूंदें हैं, जिसके माध्यम से यह दूसरे के शरीर में प्रवेश करता है।

ऐसे में किसी संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बोलने से यह वायरस सामने वाले व्यक्ति को भी संक्रमित कर देता है। इससे कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को खासतौर से बचने की जरूरत है।

कैसे करें बचाव?
कोविड-19 वायरस से बचाव के लिए इन बातों का खास ख्याल रखें :

कम हवादार जगहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क जरूर पहनें
कमरे में वेंटिलेशन बनाए रखें और फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों से दूरी बनाए रखें
हाथों को साफ रखें और चेहरे को बार-बार छूने से बचें
लक्षणों का जरा भी शक हो तो जांच कराएं
खुद बीमार होने पर लोगों से संपर्क कम करें
खुद से इलाज करने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें और वैक्सीन को लेकर भी खुद को अपडेट रखें।