रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पीने से नवजात की मौत

रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने के बाद एक नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मेकाहारा चौक स्थित मेडिकल स्टोर के खिलाफ मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डॉक्टर ने मिल्क पाउडर खरीदने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को चंद्रशेखर ने मेकाहारा गेट के पास स्थित मेडिकल स्टोर मिल्क पाउडर का डिब्बा खरीदा। आरोप है कि दोनों बच्चियों में से एक को उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाया गया। 4 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। परिजनों का दावा है कि जांच के दौरान डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट देखकर बताया कि बच्ची की हालत एक्सपायरी उत्पाद के सेवन से बिगड़ सकती है। इसके बाद परिजन मेडिकल स्टोर पहुंचे और विरोध जताया।

परिजनों का आरोप है कि स्टोर पहुंचने पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई तो स्टोर संचालक और उनके कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया। दो दिन तक इलाज के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने बताया, कि मामलें की शिकायत आने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को मामले की जांच के लिए पत्र भेजा गया है। सभी पक्षों को नोटिस जारी करके सोमवार को बयान के लिए पुलिस अधिकारियों ने बुलाया है।

डॉ. विनय वर्मा के मुताबिक फूड आइटम्स की क्वालिटी, कैपेसिटी या स्वाद में धीरे-धीरे गिरावट आ जाती है। इसे रंग, बनावट या गंध में हुए बदलाव से पहचान सकते हैं।

एक्सपायर्ड डेयरी प्रोडक्ट्स को खाने से अपच या फूड पॉइजनिंग हो सकती है क्योंकि शेल्फ लाइफ खत्म होने के बाद उसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं।

इन बातों का रखना चाहिए ध्यान

प्रोडक्ट खरीदने से पहले रिव्यू जरूर पढ़ें।
प्रोडक्ट खरीदने से पहले एक्सपायरी डेट ध्यान से देखें।
अगर किसी प्रोडक्ट पर एक्सपायरी डेट नहीं लिखी है तो उसे न खरीदें।
केंद्र सरकार के नियमों के मुताबिक ऑनलाइन बेचे जाने वाले प्रोडक्ट की एक्सपायरी डेट भी उस पर लिखी होनी चाहिए।
प्रोडक्ट खरीदने के बाद बिल हमेशा ले, ताकि प्रोडक्ट खराब होने पर कानूनी लड़ाई के दौरान उसका इस्तेमाल किया जा सके।