18वीं लोकसभा के पहले सत्र का आगाज, छत्तीसगढ़ के 11 नवनिर्वाचित सांसदों ने ली शपथ

क्षेत्रीय

18वीं लोकसभा के पहले संसद सत्र के शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित 11 सांसदों ने सांसद पद की शपथ ली। इनमें केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ पहली बार संसद पहुंचे बृजमोहन अग्रवाल सहित वरिष्ठ सांसद विजय बघेल, संतोष पांडेय आदि शामिल रहे। सांसदों के शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को बधाई दी। इंटरेनट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मुख्यमंत्री ने सांसदों के शपथ लेते हुए वीडियो भी जारी किया। इनमें तोखन साहू, बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय सहित आदि के वीडियो जारी किए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में क्षेत्रीयता के अनुसार परिधानों व भाषाई विविधता भी दिखाई दी। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जीत का रिकार्ड बनाया। 11 में से 10 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा, जो कि 2019 के लोकसभा से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। कांग्रेस को इस चुनाव में एकमात्र जीत कोरबा सीट ही मिल पाई। इस चुनाव में भाजपा के कद्दावर नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के विकास उपाध्याय को पांच लाख 75 हजार 285 वोट के बड़े अंतर से हराया। हाल ही में बृजमोहन ने स्कूल शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दिया है। लोकसभा चुनाव में बृजमोहन को 10 लाख 50 हजार 351 वोट मिले थे। वे आठ बार के विधायक और पांच बार मंत्री रह चुके है।

छत्तीसगढ़ के 11 सांसद ने शपथ लिया

तोखन साहू (बिलासपुर), बृजमोहन अग्रवाल (रायपुर), विजय बघेल (दुर्ग), संतोष पांडेय (राजनांदगांव), चिंतामणि महाराज (सरगुजा), भोजराज नाग (कांकेर), महेश कश्यप (बस्तर), रूप कुमार चौधरी (महासमुंद), राधेश्याम राठिया (रायगढ़), कमलेश जांगड़े (जांजगीर-चांपा), ज्योत्सना महंत (कोरबा)।