राजस्थान के स्कूलों में एकदम से नई व्यवस्था! दीवार पर दिखेगा हर शिक्षक का नाम, फोटो और पढ़ाने वाला विषय

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग एक नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है. अब राज्य के सरकारी स्कूलों की दीवारों पर वहां कार्यरत सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की पूरी जानकारी लिखी जाएगी. इस जानकारी में उनका फोटो, नाम, पद और वे कौन-सा विषय पढ़ाते हैं, जैसी महत्वपूर्ण बातें भी शामिल होंगी. शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे स्कूलों की व्यवस्था ज्यादा स्पष्ट और खुली नजर आएगी. प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के निदेशक सीताराम जाट ने इस संबंध में राज्य के सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेजे हैं. उन्हें कहा गया है कि अपने-अपने जिलों के स्कूलों में इस व्यवस्था को जल्द लागू करवाया जाए. निर्देश के अनुसार स्कूलों की दीवार पर “हमारे शिक्षक-कार्मिक” शीर्षक के साथ सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण लिखा जाएगा, ताकि स्कूल आने वाले अभिभावक और स्थानीय लोग भी इसे आसानी से देख सकें.

इस जानकारी में स्कूल का नाम, शिक्षक या कर्मचारी का फोटो, नाम, एम्पलॉयी आईडी, जन्म तिथि, शैक्षणिक योग्यता, पद और वे किस कक्षा को कौन-सा विषय पढ़ाते हैं, जैसी डिटेल शामिल रहेगी. विभाग ने यह भी कहा है कि यह जानकारी स्कूल परिसर में ऐसी जगह लिखी जाए, जहां आने-जाने वाले लोगों की नजर तुरंत पड़ सके.

कोटा के जिला शिक्षा अधिकारी राम चरण मीणा का कहना है कि इस व्यवस्था से स्कूलों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों की स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट हो जाएगी. निरीक्षण के दौरान अधिकारी भी दीवार पर लिखी जानकारी के आधार पर मौके पर मौजूद स्टाफ का आसानी से सत्यापन कर सकेंगे. साथ ही यह भी साफ दिखाई देगा कि किसी स्कूल में कितने पद स्वीकृत हैं, कितने भरे हुए हैं और कितने खाली हैं. इससे स्टाफ की जरूरत के अनुसार तैनाती और प्रबंधन करना भी आसान हो जाएगा.

शिक्षक संगठनों ने भी इस पहल का स्वागत किया है. उनका कहना है कि फोटो और विवरण के साथ जानकारी प्रदर्शित होने से सरकारी स्कूलों में पारदर्शिता बढ़ेगी. अभिभावकों को भी यह समझने में आसानी होगी कि उनके बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक कौन हैं और स्कूल में वास्तविक रूप से कितने कर्मचारी कार्यरत हैं.