नितिन नबीन की तिरंगा फहराते फोटो से छेड़छाड़, रायपुर में कांग्रेस नेता पर FIR
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ा राजनीतिक और कानूनी विवाद सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की 15 अगस्त की एक तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में कांग्रेस नेता पर मामला दर्ज किया गया है. रायपुर की सिविल लाइंस पुलिस ने कांग्रेस आईटी सेल के नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था. नितिन नबीन ने इस कार्यक्रम की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की थीं. आरोप है कि इस दौरान की ही एक तस्वीर को एडिट किया गया. इस तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई और इसे सोशल मीडिया पर इस तरह से साझा किया गया, जिससे लोगों के बीच गलत और भ्रामक संदेश फैले. आरोपी कांग्रेस नेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस छेड़छाड़ की हुई फोटो को वायरल किया था.
तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने इस पर गहरी आपत्ति जताई. उन्होंने इसे राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला बताया और सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. अपनी शिकायत के साथ उन्होंने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी प्रमाण के तौर पर सौंपे. पुलिस शिकायत में यह भी बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद संबंधित पोस्ट को बाद में सोशल मीडिया से हटा दिया गया था, लेकिन तब तक वह काफी वायरल हो चुकी थी.
