महिलाओं के खाते में नीतीश सरकार ने फिर भेजे 10-10 हजार रुपये, 25 लाख को फायदा…

बिहार चुनाव में प्रचंड जीत के साथ सत्ता में लौटी नीतीश कुमार की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार महिलाओं पर मेहरबान है. सीएम नीतीश ने हाल ही में पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को अगली किश्त जारी करने की घोषणा की थी. अब महिलाओं के खाते में फिर से 10-10 हजार रुपये की धनराशि सरकार ने भेज दी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं के खाते में धनराशि ट्रांसफर की. जानकारी के मुताबिक यह धनराशि 25 लाख महिलाओं के खाते में भेजी गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ इस मौके पर बिहार सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे.

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस संबंध में कहा कि बिहार देश मे पहला राज्य है, जहां नीतीश कुमार ने महिलाओ के पैसे उनके खाते में भेजे थे. उन्होंने कहा कि अब तक जिनके खाते में कुछ कारणों से पैसा नहीं गए थे या जिन्होंने देर से फॉर्म भरे थे, उनके खाते में आज पैसा भेजा गया है. श्रवण कुमार ने कहा कि आज जिन महिलाओं के खाते में पैसा भेजा गया है, उनकी संख्या करीब 25 लाख है. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के समय कुछ राजनीतिक दलों के नेता यह बोल रहे थे कि पैसा नहीं दिया जाएगा. बिहार की जनता ने उन्हें 35 सीट पर पहुंचा दिया.

बिहार सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का ऐलान किया था. चुनाव से पहले ही महिलाओं के खाते में इस योजना की पहली किश्त 10 हजार रुपये की धनराशि भेज दी गई थी. सरकार ने अब फिर से 25 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये भेजे हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *