नारायणपुर में NSUI का बैरिकेड तोड़ प्रदर्शन, भीड़ को कंट्रोल करने पुलिस ने वाटर-कैनन चलाया
NEET परीक्षा में कथित अनियमितता और पेपर लीक का विरोध में 400 की संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए. हाथों में तिरंगा, डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र और स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर युवाओं ने साप्ताहिक बाजार स्थल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली. आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस ने दो स्तर पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने दोनों बैरिकेड तोड़ दिए. हालात को नियंत्रित करने के लिए नारायणपुर जिले के इतिहास में पहली बार वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा.प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबश्त किए थे. आंदोलनकारियों को कलेक्टोरेट तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने दो स्तर पर बैरिकेडिंग की थी. लेकिन प्रदर्शनकारी युवा लगातार नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे. पहले बैरिकेड के बाद दूसरा बैरिकेड भी आंदोलनकारियों ने तोड़ दिया.इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई.
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. बताया जा रहा है कि नारायणपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी आंदोलन के दौरान वाटर कैनन का उपयोग किया गया. पानी की तेज बौछार के बावजूद प्रदर्शनकारियों का जोश कम नहीं हुआ. कई युवा वाटर कैनन की बौछार के बीच भी नारेबाजी करते नजर आए, तो कुछ प्रदर्शनकारी पानी की बौछार में डांस करते हुए भी दिखाई दिए. हालांकि, आंदोलनकारियों को नियंत्रित करने और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
