वनडे मैच में इस टीम ने 50 ओवर में ठोके 822 रन, उड़ाए 104 चौके और 26 छक्के…

वनडे मैच में एक टीम ने 50 ओवर में 822 रन ठोक डाले और साथ ही 104 चौके व 26 छक्के उड़ा दिए. क्रिकेट फैंस के लिए यह एक बड़ा अजूबा है, क्योंकि 50 ओवर (300 गेंद) में 822 रन का स्कोर बनना नामुमकिन के बराबर है. लेकिन एक टीम ने वनडे मैच में पूरे 50 ओवर खेलते हुए 822 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. अपनी पारी के दौरान इस टीम ने 104 चौके और 26 छक्के उड़ा दिए. क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ये असंभव वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है. भारत में इन दिनों जहां IPL 2026 का रोमांच जारी है, वहीं जिम्बाब्वे में एक डोमेस्टिक वनडे क्रिकेट मैच के दौरान एक बड़ा अजूबा देखने को मिला है. जिम्बाब्वे की घरेलू फर्स्ट-लीग में एक टीम ने क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 822 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने यह असंभव वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. यह मैच स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब और मीथेन लायंस के बीच खेला गया. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने 50 ओवरों में 822/4 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

इस मैच के नतीजे ने फैंस को और भी ज्यादा चौंकाया है. 823 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मीथेन लायंस की पारी 7.5 ओवर में महज 28 रन पर सिमट गई, जिसके चलते स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने यह मैच 794 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया. टॉस जीतने के बाद स्कॉर्पियंस के कप्तान प्रेज मकाजा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. यह एक ऐसा फैसला था, जो मीथेन लायंस टीम के गेंदबाजों के लिए पूरी तरह से विनाशकारी फैसला साबित हुआ. इस मैच के असली हीरो तकुंडा मडेम्बो रहे, जिन्होंने महज 143 गेंदों में 211.1 के स्ट्राइक रेट से 302 रनों की एक तूफानी पारी खेली. तकुंडा मडेम्बो की इस पारी में 50 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. स्कॉर्पियंस के लिए तकुंडा मडेम्बो के अलावा विनफ्रेड मुटेंडे ने 75 गेंदों में 203 रनों की एक और हैरतअंगेज पारी खेली. विनफ्रेड मुटेंडे ने 270.6 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 23 चौके और 13 छक्के उड़ाए. स्कॉर्पियंस के लिए गैब्रियल जया ने महज 49 गेंदों में 224.49 के स्ट्राइक रेट से 110 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि विंसेंट मोयो ने भी 39 गेंदों में 78 रनों की तेज-तर्रार पारी खेली.

स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने 50 ओवरों में 822/4 का स्कोर बनाया, जो 16.44 प्रति ओवर के एक अविश्वसनीय रन रेट से बनाया गया था. जिस पिच पर पहली पारी के दौरान बल्लेबाजों का पूरी तरह से दबदबा था. वही, मीथेन लायंस की टीम जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो पिच अचानक गेंदबाजों के लिए स्वर्ग बन गई. मीथेन लायंस की टीम की पारी 7.5 ओवर में महज 28 रन पर सिमट गई. स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने यह मैच 794 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया. स्कॉर्पियंस क्रिकेट क्लब ने वनडे में स्कोरिंग को एक बिल्कुल ही नए लेवल पर पहुंचा दिया है.