ओडिशा में पटनायक राज खत्म, बीजेपी 81 सीटों पर आगे, आंध्र में NDA सरकार बन रही

राष्ट्रीय

ओडिशा में 24 साल से सत्ता में काबिज नवीन पटनायक के हाथ से सत्ता खिसक गई है। अब तक के रुझान में BJP 147 में से 81 सीटों पर आगे चल रही है। एग्जिट पोल में BJD और BJP में कांटे का मुकाबला बताया गया था। पोल में नवीन पटनायक की BJD और भाजपा दोनों को 62-80 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। आंध्र प्रदेश में NDA (भाजपा, TDP और जन सेना पार्टी) सरकार बनाता दिख रहा है। TDP 136 सीटों पर आगे है। मौजूदा CM जगन मोहन रेड्डी की YSRCP को खासा नुकसान हो रहा है। एग्जिट पोल में भी इस बार सत्ता बदलने का अनुमान जताया गया था। 5 एग्जिट पोल में NDA तो दो में सत्तारूढ़ YSRCP की सरकार बनती दिखाई थी।

आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के जगन मोहन रेड्डी 2019 से सत्ता में हैं। जगन मोहन ने पिछली बार 175 में से 151 सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की थी। राज्य में भाजपा ने चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और एक्टर पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (JSP) के साथ गठबंधन किया है। ओडिशा में भाजपा ने फिलहाल किसी को मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा।