अफ्रीका में मिली 7 लाख साल पुरानी इंसान की हड्डियां
मोरक्को के कैसाब्लांका शहर के पास वैज्ञानिकों को इंसानों के बहुत पुराने अवशेष मिले हैं. ये अवशेष करीब 7,73,000 साल पुराने बताए जा रहे हैं. यह खोज हमें हमारे पूर्वजों के बारे में कई नई बातें बताती है. यह खोज उस समय की है जब इंसान की अलग-अलग प्रजातियां जैसे निएंडरथल और डेनिसोवन एक-दूसरे से अलग होकर अपनी पहचान बना रही थीं. वैज्ञानिकों के पास मानव इतिहास के विकास को लेकर जो जानकारी कम थी ये अवशेष उस खाली जगह को भरन में मदद करेंगे. इन नमूनों से यह साबित होता है कि आधुनिक इंसानों के पूर्वज अफ्रीका में रहते थे और वहीं से हमारी प्रजाति की शुरुआत हुई थी. वैज्ञानिकों का मानना है कि आज के इंसान (होमो सेपियन्स), निएंडरथल और डेनिसोवन, ये तीनों लाखों साल पहले एक ही पुर्वज की संतान थे. आज से करीब 5.5 लाख से 7.6 लाख साल पहले ये तीनों एक-दूसरे से अलग होकर अपनी-अपनी प्रजाति बन गए. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह कॉमन पूर्वज कौन था और कहां रहता था. हालांकि यह अभी भी रहस्य बना हुआ है.
पहले वैज्ञानिकों को लगा कि स्पेन की एक गुफा में रहने वाला होमो एंटेसेसर ही वह पूर्वज है. यह प्रजाति 8 लाख साल पहले रहती थी और इसमें पराने और नए दोनों तरह के इंसानों की झलक मिलती थी. अगर स्पेन वाली बात सच होती तो इसका मतलब यह होता कि इंसानों की इन तीनों प्रजातियों का बंटवारा यूरोप (यूरेशिया) में हुआ था न कि अफ्रीका में. स्पेन में मिले सबूतों के साथ एक बड़ी समस्या थी ति आज के इंसानों के जितने भी पुराने अवशेष मिले वो अफ्रीका में ही पाए गए. अब तक के सबसे पुराने आधुनिक इंसान के अवशेष मोरक्को में मिले थे जो लगभग 3,15,000 साल पुराने हैं. वैज्ञानिकों को विश्वास था कि हमारी शुरुआत अफ्रीका में हुई लेकिन उनके पास कोई सबूत नहीं था.
वैज्ञानिकों ने सामने समस्या थी कि उन्हें अफ्रीका में 10 लाख साल पहले के और 6 लाख साल पहले के इंसानों के सबूत मिल तो रहे थे लेकिन इनके बीच के समय का कुछ पता नहीं था. प्रोफेसर जीन-जैक्स हबलिन का कहना है कि पहले अफ्रीका में इस समय के अवशेष नहीं मिल रहे थे इसलिए हमें लगा कि वहां कोई नहीं रहता था. मोरक्को की एक जगह पर जबड़े की हड्डियां, दांत और रीढ़ की हड्डी मिले हैं.
मोरक्को में मिली इन हड्डियों की उम्र सबसे ज्यादा मायने रखती है. यह उस समय की बात है जब इंसानों का परिवार अलग-अलग हिस्सों में बंट रहा था. इतने पुराने अवशेषों की सही उम्र जानना मुश्किल होता है लेकिन ये हड्डियां मिट्टी की एक ऐसी परत में मिलीं जो करीब 7,80,000 साल पहल बनी थी. उस समय धरती के चुंबकीय ध्रुव आपस में बदल गए थे.
