38 साल की उम्र में नानी बनी महिला, मां-बेटी को साथ में देख चौंक जाते हैं लोग
हमारे घरों में दादी-नानी को देखकर आपको वाकई लगेगा कि वो दादी या नानी हैं. मतलब ये कि उनकी उम्र ज्यादा लगती है, बाल पके, चेहरे पर झुर्रियां, तजुर्बा इतना कि हर काम को आसानी से कर दें. उन्हें दुनिया की समझ होती है, इंसान को पहचानने का हुनर होता है. पर विदेशों में ऐसा नहीं होता. वहां पर दादी-नानी कम उम्र की भी होती हैं. मगर एक अमेरिकी नानी ने तो सभी को हैरान कर दिया है. वो सिर्फ 38 साल की हैं. जब वो अपनी बेटी के साथ खड़ी होती हैं, तो लोग दोनों को देखकर बहनें समझ लेते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका की रहने वाली ब्रिटनी (Brittany) ने अपनी बेटी के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसे देखकर ज्यादातर लोग यही समझ बैठे कि दोनों सगी बहनें हैं. तस्वीर में मां-बेटी इतनी एक जैसी दिख रही हैं कि लोगों के लिए यह पहचानना मुश्किल हो गया कि आखिर बेटी कौन है और मां कौन. ब्रिटनी ने बताया कि वह सिर्फ 18 साल की थीं जब उन्होंने अपनी बेटी को जन्म दिया था. समय इतनी तेजी से बीता कि अब उनकी बेटी 20 साल की हो चुकी है और खुद मां बन गई है. इसी वजह से ब्रिटनी 38 साल की उम्र में नानी बन चुकी हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट @britpls पर मां-बेटी की कई तस्वीरें शेयर कीं. दोनों के बाल सुनहरे हैं, चेहरे की बनावट काफी मिलती-जुलती है और मुस्कान भी लगभग एक जैसी है.
ब्रिटनी, जो चार बच्चों की मां हैं, ने अपने पोस्ट में भावुक अंदाज में लिखा, “एक पल आप 19 साल की होती हैं और अपने एक साल के बच्चे को गोद में लिए होती हैं. अगले ही पल आप अपनी 20 साल की बेटी के साथ समय बिता रही होती हैं.” उनकी यह लाइन सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आई और कई लोगों ने इसे जिंदगी की तेजी से बदलती तस्वीर बताया. कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, “इनमें से बेटी कौन है?” वहीं दूसरे ने कहा, “38 साल की उम्र में नानी बनना तो वाकई हैरान करने वाला है.” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “आप इतनी यंग कैसे दिखती हैं?” जबकि किसी ने लिखा, “ओह माय गॉड, आप दोनों में से बेटी कौन है, समझ ही नहीं आ रहा.”
ब्रिटनी की इस वायरल पहचान के बाद उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं. ब्रिटनी अपने ब्यूटी सीक्रेट्स छुपाती नहीं हैं. वह खुले तौर पर अपने मॉर्निंग और नाइट स्किन केयर रूटीन, इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट्स और अपनी “होली ग्रेल” यानी सबसे पसंदीदा चीजों के बारे में बताती हैं. ब्रिटनी ने बताया कि वह रात में अपने गालों पर वैसलीन का इस्तेमाल करती हैं, जिससे त्वचा में नमी लॉक हो जाती है. इसके अलावा वह तेल लगाने के बाद और फेस टेप लगाने से पहले भी वैसलीन का उपयोग करती हैं, जिसे वह अपनी “सीक्रेट वेपन” कहती हैं. उनका दावा है कि इससे झुर्रियां आने से बचाव होता है.
