ओमान 15वां देश जिसपर ट्रम्प ने हमले की धमकी दी, अब तक 7 देशों पर अटैक किया

ट्रम्प ने बुधवार को ओमान पर हमला करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर वह ईरान के साथ मिलकर होर्मुज स्ट्रेट को कंट्रोल करने की कोशिश करता है तो अमेरिका उसे उड़ा देगा। ओमान 15वां ऐसा देश है जिस पर ट्रम्प ने हमले की धमकी दी है। इतना ही नहीं, ट्रम्प के कार्यकाल में अमेरिका ने 7 देशों पर हमले भी किए हैं। इसमें वेनेजुएला भी शामिल है जहां घुसकर अमेरिका ने राष्ट्रपति का किडनैप कर लिया था। इसके अलावा ट्रम्प 4 देशों पर कब्जा करने की चेतावनी भी दे चुके हैं। इसमें कनाडा, ग्रीनलैंड, वेनेजुएला और क्यूबा शामिल हैं। इसके अलावा ट्रम्प पनामा नहर पर भी कब्जा करने की धमकी दे चुके हैं।

साल 2024 में जब ट्रम्प राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे थे। तब वे खुद को अमन पसंद नेता के तौर पर पेश कर रहे थे। चुनावी रैलियों में वे अपने विरोधियों को युद्ध भड़काने वाला नेता कहते थे। उनका कहना था कि उनके राष्ट्रपति बनने के बाद दुनिया में शांति आ जाएगी। उन्होंने कई बार कहा कि अगर वह राष्ट्रपति होते तो रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू ही नहीं होता। ट्रम्प खुद को ऐसा नेता बताते थे जो दुश्मन देशों से बातचीत कर सकता है और बिना बड़े युद्ध के समझौते करा सकता है। ट्रम्प कहते थे कि अगर उनके विरोधी सत्ता में आए तो अमेरिका फिर से इराक और अफगानिस्तान जैसे लंबे युद्धों में फंस जाएगा। लेकिन राष्ट्रपति बनने के बाद स्थिति बदल गई।

अमेरिका ने हमला किया

ईरान: अमेरिका ने 1 साल में दो बार ईरान पर हमला किया। पिछले साल 24 जून को न्यूक्लियर प्रोग्राम से जुड़े 3 ठिकानों पर हमला किया। इस साल 28 फरवरी को इजराइल के साथ मिलकर हमला किया। इसमें खामेनेई समेत कई बड़े अधिकारी मारे गए।
इराक: ईरान समर्थित मिलिशिया और आतंकी समूहों पर हमले किए। ये हमले सीरिया और इराक में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के जवाब में किए गए।
नाइजीरिया: आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई की। अमेरिका बोको हराम और ISIS जैसे आतंकी संगठनों को निशाना बना रहा था।
सोमालिया: अल कायदा से जुड़े अल-शबाब नाम के आतंकी संगठन के खिलाफ हमले किए। ड्रोन और हवाई हमलों के जरिए लड़ाकों, हथियार ठिकानों और ट्रेनिंग कैंपों को निशाना बनाया।
सीरिया: ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों और आतंकी संगठनों के खिलाफ हवाई हमले किए। ये इलाके में मौजूद अमेरिकी सैनिकों और ठिकानों पर ड्रोन और रॉकेट हमले कर रहे थे।
वेनेजुएला: वेनेजुएला में घुसकर राष्ट्रपति को पकड़ा। इसके अलावा कैरेबियन सी में वेनेजुएला के करीब 60 जहाजों पर हमले किए जिसमें करीब 190 नाविकों की जान गई।
यमन: हूती ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमले किए, खासकर रेड सी में जहाजों पर हमलों के बाद।