दिल्ली में नौकरी लगवाने के नाम पर एक महिला टीचर से 5 लाख रूपए हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को दिल्ली बुला लिया और नौकरी भी नहीं लगवाई। जब पीड़ित ने पैसे मांगे तो लौटाने से मना कर दिया। मामला झुंझुनूं सदर थाना क्षेत्र का है। वारिसपुरा की रहने वाली एक महिला टीचर ने अपनी सेहली व उसके पति के खिलाफ 5 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया है। वारिसपुरा निवासी प्रियंका कुमारी ने बताया कि चार साल से वह मण्डावा की प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाती है। वहां डाबडी की रहने वाली अनिता से मुलाकात हुई है। अनिता भी उसके साथ होम साइंस पढ़ाती थी। धीरे धीरे दोनों में दोस्ती हो गई।
तीन महीने पढ़ाने के बाद अनिता दिल्ली चली गई। वहां जाकर उसने ने प्रियंका को फोन किया और कहा कि उसने खुद का बिजनेस शुरू किया है। बहुत अच्छी इनकम है। दिल्ली आ जाओ अच्छी नौकरी लगवा दुंगी। बदले में 5 लाख रुपए देने पडेंगे। पीड़ित ने बताया कि वह अपनी दोस्त की बात में आ गई। इधर उधर से व्यवस्था कर 13 मई को 15000, 14 मई 40 हजार, 16 मई एक लाख रूपए तथा 20 मई को 30 हजार रूपए फोन पर भेज दिए। पीड़ित ने बताया कि उसके बाद उसकी दोस्त ने उसे दिल्ली बुला लिया। वहां पहुंचते ही अनिता व उसके पति विनोद कुमार ने बचे हुए पैसे की डिमांड की। उसके बाद प्रियंका ने दोनों को 3 लाख 15 हजार रुपए नगद दे दिए । पैसे देने के बाद दोनों उसे एक ऑफिस में ले गए। वहा ले जाकर अलग अलग लोगों से मिलवाया और कहा कि नीचे आदमी जोड़ोगे तो प्रोफिट होगा। उसके बाद 21 मई को एक कैफे में ले जाकर एक कागज पर तीन चार जगह साइन करवा लिए। पीड़ित ने बताया उसने वहां का माहोल देखकर काम करने से मना कर दिया और पैसे वापस मांगे। एक बार तो दोनों पैसे देने के लिए राजी हो गए। उसके कुछ दिन बाद पैसे देने से साफ मना कर दिया।