CG : भुट्टे की फसल के बीच अफीम की खेती, लीज लेकर डेढ़ एकड़ खेत में छिपाकर लगाई गई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भुट्टे की फसल के बीच अफीम की खेती हो रही थी। पुलिस को भनक लगी तो 6 मार्च को रेड मारकर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कोई संदिग्ध अफीम की चोरी-छिपे खेती कर रहा था। करीब डेढ़ एकड़ में अफीम मिला है। मामला जेवरा सिरसा चौकी के समोदा गांव का है। पुलिस के मुताबिक, अफीम डेढ़ एकड़ में मिला है लेकिन इसका फैलाव 4-5 एकड़ में हो चुका है। पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा होगा। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली की कि समोदा गांव के एक खेत में अफीम की खेती हो रही है। सूचना पर शुक्रवार (6 मार्च) को जेवरा सिरसा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और छापा मारा। पुलिस ने देखा कि डेढ़ एकड़ खेत में अफीम की फसल थी। इसे छुपाने के लिए चारों तरफ ज्वार की फसल लगा दी गई थी। ज्वार के बीच अफीम को छिपाकर उगाया गया था।

पुलिस ने जांच शुरू करते हुए खेत के मालिक से पूछताछ की। खेत के मालिक का कहना है कि उसने अपनी जमीन लीज पर दी थी और उसे नहीं पता था कि वहां किसकी खेती हो रही है। खेत में काम करने वाले मजदूर खंडवा के हैं। फिलहाल पुलिस ने विनायक ताम्रकार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अफीम की खेती को देखकर पुलिस ने मौके पर तहसीलदार और आरआई को बुलाया है और उनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरी तरह से सोची-समझी साजिश के तहत अफीम उगाई जा रही थी। अफीम के खेत के पास अब बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध से पूछताछ जारी है। बता दें कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती का यह पहला मामला है।