दुर्ग में अफीम की खेती, कांग्रेसियों ने घेरा बीजेपी कार्यालय, कहा- भाजपा सरकार ने प्रदेश को नशे में धकेला…
छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई। भिलाई में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में गुरुवार को बीजेपी के कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। दुर्ग में दुर्ग ग्रामीण और दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से बीजेपी कार्यालय का घेराव किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने राजीव भवन से बीजेपी कार्यालय तक पैदल यात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी कार्यालय के चारों तरफ पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
भिलाई के प्रियदर्शिनी परिसर में स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर सुबह से ही पुलिस तैनात थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने चारों तरफ बैरिकेडिंग कर कार्यालय को घेर लिया था। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचे, उन्होंने कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। काफी देर तक नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा। हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार नहीं कर पाए।
प्रदर्शन के दौरान भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज अगर कोई व्यक्ति बिना हेलमेट के सड़क पर निकल जाए तो उसका चालान तुरंत काट दिया जाता है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती हो रही थी और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से जुड़े कुछ लोग ही इस तरह के काम में शामिल हैं और राजस्व विभाग आंख बंद कर रिपोर्ट दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस और इंटेलिजेंस पूरी तरह फेल साबित हुई है। कांग्रेस ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी हों उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
