छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर बस पलटने से 10 मौतें, इनमें 5 महिलाएं, 5 पुरुष, 19 गंभीर

छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर ओरसा घाट में स्कूल बस पलटने से मौत का आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया। मृतकों में 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। हादसे 78 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 19 की हालत गंभीर है। घायलों को गुमला और रांची के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों को गुमला, रांची, लातेहार और अंबिकापुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस में बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा और बुद्धीडीह के ग्रामीण सवार थे। सभी लोग झारखंड के लोधगांव सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बस चालक विकास पाठक ने बताया कि ढलान शुरू होने से पहले ही ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ था। हैंड ब्रेक और इंजन बंद करने के बावजूद ढलान के कारण बस पर नियंत्रण नहीं हो सका।

हादसे के बाद सड़क किनारे घायल पड़े नजर आए, लोग मदद की गुहार लगाते रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 60 घायलों को महुआडांड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 20 को कार्मेल अस्पताल में भर्ती कराया गया।