गरियाबंद में नहर से 17 पैकेट गांजा बरामद, पुलिस नाकाबंदी से बचने के लिए तस्करों ने लाखों का गांजा फेंका
गरियाबंद जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां खेतों में उगने वाला गांजा इस बार नहर में बहता हुआ मिला। मोहतरा से अतरमरा के बीच स्थित नहर में लोगों ने गांजा से भरे पैकेट बहते हुए देखे, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाकर एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए। प्राथमिक जांच में इन पैकेट्स में करीब 68 किलो से अधिक गांजा होने की संभावना जताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। यह मामला पाण्डुका थाना क्षेत्र के फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर का है, जो नेशनल हाईवे-130 से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने गांजा से भरे पैकेट नहर में फेंक दिए। घटना के बाद पुलिस अब तस्करों तक पहुंचने के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं नहर के जरिए गांजा परिवहन का यह कोई नया तरीका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
