लाल सागर में पाकिस्तान के कराची जा रहे जहाज पर हमला हुआ। यह शिप 26 दिसंबर को सऊदी अरब से रवाना हुआ था। शिप पर कितने लोग मौजूद थे फिलहाल इसकी जानकारी नहीं दी गई। शिप को कितना नुकसान हुआ है इस बारे में भी खबर नहीं है।
हूती विदेहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इस बीच अमेरिकी मिलिट्री ने लाल सागर में हूती विद्रोहियों की तरफ से दागी गईं दर्जनों मिसाइलों और ड्रोन्स को मार गिराया है। इस दौरान किसी भी जहाज को नुकसान नहीं पहुंचा है।
पेंटागन के सेंट्रल कमांड ने कहा- हमने 10 घंटे के अंदर हूतियों के 12 ड्रोन्स, 3 शिप से हमला करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों और 2 जमीन से हमला करने वाली मिसाइलों को मार गिराया है
पिछले चार हफ्तों में हूतियों ने लाल सागर और उसके आसपास 100 से ज्यादा हमले किए हैं। करीब एक महीने पहले हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में एक कार्गो शिप गैलेक्सी लीडर को हाईजैक कर लिया था। यह जहाज तुर्किये से भारत आ रहा था। हूती विद्रोहियों ने इसे इजराइली जहाज समझ कर हाईजैक किया था।
वारदात से पहले हूती समूह ने इजराइली जहाजों पर हमले की चेतावनी दी थी। हूती विद्रोहियों के एक स्पोक्सपर्सन ने कहा था कि इजराइल की तरफ से चलने वाले सभी जहाजों को निशाना बनाया जाएगा।