बर्तन मांजने का खुलासा करना पड़ गया भारी, पाकिस्तानी कप्तान पर 2 साल का बैन

पाकिस्तान हॉकी में बड़ा विवाद सामने आया है टीम के कप्तान अम्माद शकील बट को गंभीर आरोप लगाने के बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने दो साल के लिए बैन कर दिया है. यह मामला ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सामने आया, जहां टीम को मैदान के अंदर प्रदर्शन और मैदान के बाहर अव्यवस्था, दोनों से जूझना पड़ा. पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी से हार मिली, लेकिन असली चर्चा खिलाड़ियों द्वारा झेली गई कथित बदइंतजामी को लेकर रही. रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम होबार्ट रवाना होने से पहले करीब 12-15 घंटे तक सिडनी एयरपोर्ट पर फंसी रही. होटल बुकिंग रद्द होने के कारण खिलाड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें अस्थायी इंतजामों में समय बिताना पड़ा.

लाहौर लौटने के बाद अम्माद बट ने फेडरेशन पर तीखा हमला बोला. उनका दावा था कि ऑस्ट्रेलिया दौरे में खिलाड़ियों को किचन साफ करने और बर्तन धोने तक के लिए मजबूर किया गया.उन्होंने कहा कि टीम द्वारा भेजे गए वीडियो असली थे, लेकिन बाद में दबाव बनाकर स्थिति सामान्य दिखाने की कोशिश कराई गई. फेडरेशन ने इन आरोपों को अनुशासनहीनता मानते हुए कप्तान को दो साल के लिए बैन कर दिया. PHF का कहना है कि सार्वजनिक रूप से बोर्ड पर आरोप लगाने से संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचा.