पाकिस्तानी सेना को झटका, मिराज-5 फाइटर जेट क्रैश, उड़ान भरते ही धड़ाम से गिरा

पाकिस्तान के सरगोधा में कल मंगलवार को एक बड़ा हवाई हादसा हुआ. पाकिस्तानी वायुसेना (PAF) का मिराज 5 ROSE III लड़ाकू विमान रुटीन ट्रेनिंग मिशन के दौरान अचानक क्रैश हो गया. पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक विमान उड़ा रहे पायलट ने वक्त रहते इजेक्शन सीट का इस्तेमाल कर अपनी जान बचा ली. जानकारी के मुताबिक यह विमान 32वीं टैक्टिकल अटैक विंग के नंबर-27 ‘जर्रार्सस्क्वाड्रन का हिस्सा था. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी गड़बड़ी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा नहीं हुआ है.

मिराज 5 ROSE III, फ्रांसीसी डिजाइन वाले पुराने विमान का अपग्रेडेड वर्जन है. पाकिस्तान ने इन्हें आधुनिक बनाने के लिए एडवांस एवियोनिक्स और स्ट्राइक सिस्टम लगाए हैं ताकि इनकी उम्र बढ़ाई जा सके. यही वजह है कि पुरानी तकनीक होने के बावजूद ये विमान अब भी पाकिस्तानी वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रैश वाली जगह पर सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और मलबे की जांच शुरू कर दी गई है.

इससे पहले अप्रैल में पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) का एक ट्रेनिंग विमान पंजाब प्रांत के वेहारी जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. यह हादसा रत्ता टिब्बा गांव के खेतों में हुआ, जो लाहौर से करीब 350 किलोमीटर दूर है. विमान में सवार दोनों पायलट्स वक्त रहते इजेक्ट कर बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में घायल पायलट्स को पास के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चश्मदीदों ने बताया कि अचानक जोरदार धमाका सुनाई दिया और इसके बाद खेतों से धुएं का गुबार उठता देखा गया.