20 साल का पाकिस्तानी युवक BSF के हत्थे चढ़ा, जम्मू के पास LoC से पकड़ा गया
जम्मू में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास एक गांव से 20 वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, वह संदिग्ध तरीके से घूमता हुआ नजर आया था. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के जरांवाली निवासी अवैस रजा को सुबह करीब 7:30 बजे अरनिया सेक्टर में हरापीर पुल के पास पुलिस ने पकड़ा. गिरफ्तारी के समय उसके पास से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ. शुरुआती जांच में उसकी पाकिस्तानी नागरिकता की पुष्टि हुई है.
सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह भारतीय सीमा में कैसे पहुंचा और उसने सीमा पर लगी बाड़ को किस तरह पार किया. अधिकारियों के मुताबिक, उससे पूछताछ के बाद ही उसके भारत आने की परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी सामने आएगी.
