छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहली बार गणतंत्र दिवस के मौके पर 6 ट्रांसजेंडर्स ने परेड की है। खाकी वर्दी, हाथों में हथियार और दिल में हौसला लिए अन्य जवानों के साथ कदम से कदम मिलाया है। जगदलपुर के लालबाग मैदान में राष्ट्रध्वज को सलामी दी। बताया जा रहा है कि, बस्तर के इतिहास में यह पहला ऐसा मौका है कि, ट्रांसजेंडर्स की फोर्स में भर्ती हुई और अब उन्हें गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल किया गया।
दरअसल, 26 जनवरी की परेड में शामिल हुए ये सभी ट्रांसजेंडर्स बस्तरिया फाइटर्स फोर्स में हैं। हाल ही में फोर्स में इनकी भर्ती हुई है। ये सभी बस्तर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। इनमें कांकेर की रहने वाली हिमांशी ने बताया कि , हमने रायपुर माना में ट्रेनिंग ली। वहीं अब हमें परेड में शामिल किया गया। यह हमारे लिए सबसे सुनहरा मौका है। वहीं दिव्या निषाद का कहना है कि, ऐसा लग रहा है मानों हम सपना देख रहे हैं। कभी नहीं सोचे थे कि, वर्दी पहनेंगे। परेड करेंगे।
इधर, बस्तर के IG सुंदरराज पी ने कहा कि, सिर्फ बस्तर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में पहली बार थर्ड जेंडर्स की फोर्स में भर्ती की गई। ट्रांसजेंडर्स को परेड में शामिल किया गया। जिससे समाज में सकारात्मक सोच का संदेश जाएगा। IG ने कहा कि, ये सभी नक्सल मोर्चे पर तैनात होंगे।