2 बच्चों की हत्या कर मां-बाप ने पानी की टंकी में कूदकर दी जान, भाई ने देखा तो मचाया शोर
राजस्थान के जैसलमेर जिले से रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक दंपति ने अपने दो नाबालिग बच्चों को पानी की टंकी में कथित तौर पर फेंकने के बाद खुद भी उसमें छलांग लगा दी. इस दौरान पास में ही मौजूद किसी ने दंपति को टंकी में छलांग लगाते हुए देख लिया और तुरंत शोर मचाया. जब तक अन्य लोग मौके पर पहुंचते और तब तक चारों लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने सभी शवों के कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस के अनुसार, घटना पोकरण में रविवार रात रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में हुई. पुलिस ने बताया कि मां-बाप ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या कर दी और पानी की टंकी में फेंक दिया. फिर दोनों खुद टंकी में कूदकर जान दे दी. मृतकों की पहचान मृतकों की पहचान जसराज (30), उसकी पत्नी निरमा (28), उनके दस वर्षीय बेटे भरत और पांच वर्षीय बेटी मनीषा के रूप में हुई है.
पुलिस ने बताया कि जिस समय यह वारदात हुई है, वहीं पास में मौजूद जसराज के भाई ने देख लिया. तुरंत उसने शोर मचाया. जब तक परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तब तक चारों की डूबने से मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों ने चारों को टंकी से बाहर निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उधर इस घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
पुलिस को प्रथम दृष्टया यह सामूहिक आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. हालांकि हत्या या अन्य किसी साजिश की आशंका सहित सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
थाना प्रभारी देव किशन ने बताया कि हम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं. पुलिस टीम ने गांव में स्थित पानी की टंकी का निरीक्षण किया है. परिजनों से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
