मुंबई-रांची की फ्लाइट में यात्री को खून की उल्टियां, आपातकालीन लैंडिंग, इलाज से पहले मौत

राष्ट्रीय

इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई- रांची फ्लाइट में सोमवार देर रात एक यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। फ्लाइट के अंदर ही उसे खून की उल्टियां होने लगी। आनन-फानन में फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यात्री को अस्पताल ले जाया गया हालांकि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र 62 साल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यात्री तपेदिक और क्रोनिक किडनी रोग से पीड़ित था। विमान में उसे खून की उल्टियां होने लगी। इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जरूरी मेडिकल प्रक्रियाओं और मंजूरी के बाद इंडिगो फ्लाइट ने सफलतापूर्वक नागपुर से रांची तक अपनी यात्रा फिर से शुरू की।

यात्री की पहचान देवानंद तिवारी के रूप में हुई है। यह घटना इंडिगो एयरलाइंस (इंडिगो) की मुंबई से रांची आने वाली फ्लाइट संख्या 6E 5093 में हुई। इसके बाद नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की गई लेकिन इलाज से पहले ही यात्री की मौत हो गई।