हैदराबाद : पेशेंट ने महिला डॉक्टर से हाथापाई की, हाथ पकड़कर घसीटा, एप्रन फाड़ा

राष्ट्रीय

हैदराबाद में सिकंदराबाद के गांधी हॉस्पिटल में बुधवार (11 सितंबर) को एक पेशेंट ने महिला डॉक्टर के साथ हाथापाई की। उसे हाथ पकड़कर घसीटा और एप्रन भी फाड़ दिया। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जूनियर डॉक्टर जैसे ही काउंटर पर खड़ी होती हैं, मरीज पीछे से आता है और डॉक्टर का हाथ पकड़कर घसीट लेता है। फिर उनका एप्रन खींचता है। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक अन्य पेशेंट को भी धक्का दे देता है। स्टॉफ के आने पर महिला को बचाया गया। स्टॉफ के कुछ लोगों ने पेशेंट को थप्पड़ भी मारे, तब जाकर उसने महिला डॉक्टर को छोड़ा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी मुशीराबाद का रहने वाला है। उसको दौरे पड़ रहे हैं। उसे पुलिस स्टेशन लाने के बाद भी उसे दौरे पड़ते रहे।