पटना में बवाल, पुलिस बैरिकेड तोड़ सीएम आवास की तरफ कूच कर रहे हैं छात्र
पटना में 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है. साथ ही छात्र परीक्षा में निगेटिव मार्किंग खत्म करने, एकल परीक्षा लागू करने समेत कई मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए हैं. छात्रों ने गांधी मैदान से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास के घेराव के लिए मार्च शुरू किया है. मार्च को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिसकर्मी छात्रों को समझाने और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं. हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे हैं.
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में कई बदलाव जरूरी हैं. छात्रों की प्रमुख मांगों में निगेटिव मार्किंग खत्म करना और एकल परीक्षा कराना शामिल है. उनका कहना है कि परीक्षा व्यवस्था को लेकर लंबे समय से उनकी आपत्तियां हैं और सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
गांधी मैदान से शुरू हुए इस मार्च के कारण पटना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने की भी कोशिश कर रही है. छात्रों के आंदोलन के चलते शहर के कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
फिलहाल छात्रों और पुलिस के बीच बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने की कोशिश जारी है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.
