बिलासपुर में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत, रायपुर-दुर्ग समेत 29 जिलों आज आंधी-बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 29 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है।

बिलासपुर जिले के कोटा इलाके में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। लखोदना गांव में खेत में काम कर रहे दो साढ़ू भाई मन्ना यादव और कुंजराम यादव बिजली की चपेट में आ गए।वहीं, मानपुर में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर आकाशीय बिजली गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय रह सकता है। रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत 29 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी का दौर चल रहा है, लेकिन मौसम में बदलाव के कारण कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है। अगले दो दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।बारिश और बादलों के कारण कुछ इलाकों में तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

तापमान की बात करें तो बुधवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं, पेंड्रारोड में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।