भारत की आबादी हर पल बढ़ते देख लोग हैरान, इंटरनेट पर मचा बवाल
दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में लगे एक बिलबोर्ड ने सोशल मीडिया पर खासा चर्चा पैदा कर दी है। इस डिस्प्ले पर भारत की अनुमानित जनसंख्या लगातार बदलते आंकड़ों के साथ दिखाई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में 4 सितंबर 2026 को दोपहर 3:59 बजे देश की आबादी 1,47,92,39,016 दर्ज की गई। इस आंकड़े को देखकर कई यूजर्स हैरान रह गए। और पूछने लगे कि आखिय डेटा कहां से आ रहा है।
दूसरी ओर एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह आंकड़ा वास्तविक समय में हर व्यक्ति की निगरानी पर आधारित नहीं है। यह जन्म, मृत्यु और जनसांख्यिकीय रुझानों के आधार पर तैयार किया गया अनुमान है। फिर भी इस ‘लाइव’ काउंटर को देखकर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर यह संख्या कैसे अपडेट होती है। एक यूजर ने लिखा कि यह तो यूट्यूब सब्सक्राइबर काउंटर जैसा लग रहा है। स्क्रॉल होते नंबरों के पीछे ट्रैकिंग का क्या मैकेनिज्म है?
बता दें कि बिलबोर्ड पर सिर्फ जनसंख्या ही नहीं, गरीबी, बलात्कार के मामले और वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों से जुड़े आंकड़े भी दिखाए गए हैं। वायरल पोस्ट में गरीबी दर 2.3 प्रतिशत से 5.3 प्रतिशत तक बताई गई है, जिससे इन चुनौतियों पर भी ध्यान गया है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं। कुछ यूजर्स लगातार बढ़ती आबादी को चिंताजनक बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि युवा और बड़ी आबादी सही संसाधन, रोजगार और बुनियादी ढांचे के साथ आर्थिक अवसर भी बन सकती है।
वहीं कुछ लोगों ने अनुमान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। एक यूजर ने पूछा कि ग्रामीण भारत में ज्यादातर प्रसव अभी भी दाइयों या परिवार के सदस्यों द्वारा कराए जाते हैं। वहां से जन्म का डेटा तुरंत कैसे आ रहा है? एक अन्य यूजर ने क्षेत्रीय अंतर का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर भारत की आबादी बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत में यह प्रतिस्थापन दर से नीचे जा रही है। तीसरे यूजर ने लिखा कि जनसंख्या काउंटर को लाइव चलते देखना डरावना लगता है। आप खड़े रहते हैं और संख्या बढ़ती जाती है, आप कुछ नहीं कर सकते।
बता दें कि जनसंख्या क्लॉक दुनिया के कई देशों में आम हैं। संयुक्त राष्ट्र और कई राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ऐसे काउंटर चलाते हैं। उनका मकसद सटीक लाइव गिनती देना नहीं, बल्कि पैमाने का अहसास कराना होता है। भारत 2023 में चीन को पीछे छोड़ दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन चुका है। अनुमानित आबादी अब 148 करोड़ के आसपास बताई जा रही है।
