बिहार के सिवान में जहरीली शराब से अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 3 लोगों की तबियत बिगड़ी हुई है, जिसमें एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है। जबकि 2 लोगों का अभी भी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। छपरा में भी जहरीली शराब पीने से 2 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के कौड़ियां पंचायत वैश्य टोली और आसपास के गांवों की है। स्थानीय लोगों की माने तो एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जहरीले शराब पीने से मौत हुई है।
बताया जा रहा है कि इस घटना में सबसे पहले वैश्य टोला के अरविंद सिंह की रात में ही मौत हो गई। जिसका आनन–फानन में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं सुबह 4 लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। डीएम और एसपी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद महाराजगंज के एसडीएम और एसडीपीओ घटना स्थल पर पहुंच पर मामले की जांच की। इधर लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। लोगों का आरोप है कि पुलिस की जानकारी में शराब की अवैध कारोबार चल रहा था। लेकिन पुलिस ने कभी इसे रोकने की कोशिश नहीं की। आज जब इतनी बड़ी घटना हो गई तो पुलिस लोगों की सुरक्षा की बात करती है। बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग बीमार हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना सारण जिले के मशरख थाना के इब्राहिमपुर में हुई।
पुलिस को सुबह पता चला कि जहरीली शराब पीने से दो आदमी की मौत हो गई है। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दो और लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा, “संदिग्ध तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई मौत की सूचना मिलने पर पुलिस बुधवार सुबह मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। मामले की आगे जांच की जा रही है।”