लाठी लेकर लोगों ने देर रात थाना घेरा, नाबालिग को गंडासा मार सरेराह घसीटने वाले को फांसी दो

क्षेत्रीय

राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग पर धारदार हथियार से किए गए हमले के मामले में सोमवार रात मोहल्लेवालों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने गुढ़ियारी पुलिस स्टेशन का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है।

बड़ी संख्या में आसपास के लोग गुढ़ियारी थाने पहुंचे और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों ने नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन से आरोपी के लिए फांसी की मांग की। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। वहीं डॉक्टरों ने पीड़िता की हालत भी खतरे से बाहर बताया है। उसका इलाज जारी है।

राजधानी रायपुर में 47 साल के एक सिरफिरे शख्स ने 16 साल की लड़की के घर में घुसकर उस पर गंडासे से हमला कर दिया था। खून से लथपथ लड़की जान बचाने के लिए भागी तो युवक ने उसका पीछा किया और सड़क पर उसके बाल पकड़कर घसीटने लगा। इस दौरान आरोपी ने अपने ऊपर भी हमला किया। पुलिस ने धारा 307 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना गुढ़ियारी थाना इलाके की है। परिजनों के मुताबिक, उनकी लड़की आरोपी ओंकार तिवारी के मसाला सेंटर में काम करती थी। तिवारी ने लड़की की मां से कहा था- मुझे अपनी बेटी दे दो, मैं उसे पत्नी बनाकर रखूंगा। घर वालों ने इससे इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर ओंकार तिवारी ने घटना को अंजाम दिया।

परिजनों ने बताया कि शनिवार रात सनकी ओंकार तिवारी गंडासा लेकर उनके घर में घुसा, फिर परिवार के लोगों के साथ बदसलूकी की। लड़की को पीटा और फिर उसके गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर गंडासे से हमला कर दिया। इस दौरान खून से लथपथ लड़की बचने के लिए बाहर भागी, लेकिन वह दौड़ते ही सड़क पर गिर पड़ी। लड़की के परिजन भी उसे संभालने की कोशिश करते रहे। तब तक बदमाश ने फिर से लड़की पर हमला कर दिया।