पेट्रोल 1 रुपए महंगा, अब 100 रुपए के पार, डीजल के दाम नहीं बढ़े
राज्य सरकार की ओर से पेट्रोल पर चुपचाप तरीके से सेस बढ़ाने की वजह से 2 अप्रैल को सुबह 6 बजे से पेट्रोल एक रुपए महंगा हो गया है। राज्य सरकार की ओर से अभी तक पेट्रोल में 24 प्रतिशत वैट और 1 रुपए सेस लिया जाता था। लेकिन अब 24 फीसदी वैट के साथ सेस 2 रुपए कर दिया गया है। इस वजह से पेट्रोल की कीमत बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पर पहले सेस 2 रुपए ही लगता था। करीब पांच साल पहले पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पार होने की वजह से भाजपा की ही सरकार ने सेस को 2 से घटाकर 1 रुपए कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस सरकार ने भी इसे पांच साल तक यथावत ही रखा। अभी ईरान-अमेरिका युध्द की वजह से पेट्रोल की कीमतों पर असर पड़ रहा है। इसलिए सरकार ने पेट्रोल पर सेस वापस 2 रुपए कर दिया। इस वजह से पेट्रोल 1 रुपए महंगा हो गया है। डीजल पर पहले की तरह ही 23 फीसदी वैट और 1 रुपए सेस लग रहा है। डीजल की कीमत बढ़ने का असर सभी तरह की चीजों पर होता है।
रायपुर में बुधवार को तीनों पेट्रोलियम कंपनियों के पेट्रोल के रेट 99.44 से 99.47 रुपए प्रति लीटर थे, लेकिन सेस बढ़ने के बाद इसकी कीमत 100.44 से 100.47 रुपए प्रति लीटर हो गई है। डीजल पहले की तरह 93.41 रुपए में मिल रहा है।
रायपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन से मिली जानकारी के अनुसार किसी भी पंप में पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं है। रायपुर मे सभी कंपनियों के डिपो के पास पर्याप्त स्टॉक है। गौरतलब है कि राज्य सरकार को हर साल पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट और सेस की वजह से 7000 करोड़ से भी ज्यादा का राजस्व प्राप्त होता है। अभी सेस 1 रुपए बढ़ने के बाद इस वित्तीय साल में यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा।
गैस सिलेंडर: सप्लाई सामान्य हो रही है राजधानी में एलपीजी सिलेंडरों की भी सप्लाई सामान्य होती जा रही है। पेट्रोलियम कंपनियों का दावा है कि एजेंसियों को उनकी डिमांड के अनुसार सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। बीपीसीएल डिस्ट्रीब्यूटर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुरारी गौड़ ने बताया कि पहले सिलेंडरों की बुकिंग होने पर दो से तीन दिन में डिलीवरी हो जाती थी। अभी ओटीपी के बिना डिलीवरी नहीं होने की वजह से थोड़ी देर हो जाती है।
