ये सुअर नहीं, चलता-फिरता सेलिब्रिटी है!
जमाना बदल गया है…अब केवल इंसान ही सोशल मीडिया पर जलवे नहीं बिखेर रहे, बल्कि जानवरों ने भी मोर्चा संभाल लिया है. मिलिए मर्लिन (Merlin) से, जो कोई मामूली जानवर नहीं बल्कि दुनिया का सबसे मशहूर सुअर बन गया है. इंस्टाग्राम पर इसके 11 लाख से ज्यादा चाहने वाले हैं. मर्लिन की खासियत ये है कि ये बटन दबाकर अपनी बात कहता है. इसके पास 25 अलग-अलग साउंड बटन हैं, जिनका इस्तेमाल ये भूख लगने पर, ध्यान खींचने के लिए या अपनी नाराजगी जताने के लिए करता है. इसकी मालकिन मीना अलाली ने इसे 2022 से ट्रेनिंग देना शुरू किया था और आज ये हाल है कि मर्लिन ने ‘मोस्ट फॉलोड पिग’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर इतिहास रच दिया है. मर्लिन जब अपनी रिकॉर्ड वाली ट्रॉफी के साथ पोज देता है, तो उसकी शान देखने लायक होती है. हालांकि, रिकॉर्ड मिलने पर वो थोड़ा मायूस भी था क्योंकि उसे लगा कि इस पार्सल में उसके लिए कोई खाने वाली चीज होगी. उसकी मालकिन कहती हैं कि मर्लिन उनके लिए किसी बच्चे से कम नहीं है और उसकी हरकतों ने लाखों लोगों का तनाव और उदासी दूर की है. ये ‘नवाब साहब’ सिर्फ रिकॉर्ड होल्डर ही नहीं, बल्कि एक इमोशनल सपोर्ट भी बन गए हैं. लोग इनकी वीडियो देखकर अपनी एंग्जायटी भूल जाते हैं. आखिर भूलें भी क्यों ना, जब कोई इतना प्यारा जीव बटन दबाकर आपसे कहे कि उसे ‘मम्मी’ के साथ बाहर जाना है या स्नैक्स चाहिए, तो दिल तो पिघलेगा ही.
मीना (Mina) को जानवरों को ट्रेन करने का पुराना तजुर्बा है, लेकिन मर्लिन के साथ ये सफर काफी सब्र वाला रहा. शुरू में वो बहुत शोर मचाता था, लेकिन आज वो अपनी भावनाओं को बटन के ज़रिए बखूबी समझा लेता है. दुनिया इसे कचरे में रहने वाला जीव समझती है, लेकिन मर्लिन ने साबित कर दिया कि अगर हुनर तराशा जाए तो मंजिंल कदम चूमती है.
