दुनिया की वो जगह, जहां 400 सालों से नहीं हुई बारिश, फिर भी नहीं कोई प्यासा

क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा कोई जगह हो सकती है जहां सैकड़ों सालों तक बारिश ना हो, लेकिन वहां कोई प्यासा ना मरे? जी हां, ऐसा ही एक चमत्कारिक स्थान है चिली का अटाकामा डेजर्ट ! यह दुनिया का सबसे सूखा गैर-ध्रुवीय रेगिस्तान है, जहां कुछ इलाकों में पिछले 400 सालों से ज्यादा समय तक एक भी बूंद बारिश नहीं दर्ज हुई है. कुछ वेदर स्टेशनों पर तो कभी बारिश रिकॉर्ड ही नहीं हुई है. फिर भी यह जगह पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है और NASA के वैज्ञानिकों का सबसे फेवरेट स्पॉट है. नासा अपने मंगल मिशनों के लिए इसी जगह पर ट्रायल करता है. अगर देखा जाए तो वाकई ये जगह धरती पर मौजूद मंगल ग्रह जैसा ही नजर आता है.

अटाकामा डेजर्ट चिली के उत्तरी हिस्से में फैला हुआ है, जो प्रशांत महासागर के किनारे और एंडीज पर्वतों के बीच स्थित है. यहां की सूखापन की वजह दोहरी ‘रेन शैडो’ इफेक्ट है. एक तरफ एंडीज पर्वत पूर्व से आने वाली बारिश की बादलों को रोक लेते हैं और दूसरी तरफ ठंडी हम्बोल्ट्ट करंट प्रशांत से आने वाली नमी को सोख लेती है. नतीजा? सालाना औसत बारिश सिर्फ 1-15 मिलीमीटर और कुछ जगहों पर 0.03 इंच तक! कैलामा शहर में 1570 से 1971 तक यानी 400 साल से ज्यादा समय तक कोई मेजर बारिश नहीं हुई थी. लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यहां जीवन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. यहां फ्लेमिंगो, लामा, विकुना जैसे जानवर घूमते हैं. साल्ट फ्लैट्स (नमक के मैदान) में पानी की झीलें हैं, जहां हजारों फ्लेमिंगो इकट्ठा होते हैं. यहां की खूबसूरती इतनी अनोखी है कि इसे ‘वैली ऑफ द मून’ (Valle de la Luna) कहा जाता है यानी चंद्रमा जैसा लैंडस्केप! यहां लाल रेत के टीले, क्रैक वाली जमीन और एक्टिव ज्वालामुखी इसे और भी रहस्यमयी बनाते हैं.

NASA अटाकामा को बेहद पसंद करते हैं क्योंकि यह मंगल ग्रह जैसा है. यहां की मिट्टी, सूखापन और एक्सट्रीम कंडीशंस मंगल पर जीवन की संभावना समझने में मदद करती है. NASA के एस्ट्रोबायोलॉजिस्ट यहां आकर टेस्ट करते हैं. साथ ही, दुनिया के सबसे बड़े टेलीस्कोप जैसे ALMA (Atacama Large Millimeter/submillimeter Array) यहां लगे हुए हैं. आसमान इतना साफ है कि रात में आकाशगंगा नंगी आंखों से दिखती है. स्टार गेजिंग के लिए ये जगह परफेक्ट है. यहां पर्यटन भी जबरदस्त है. सैन पेड्रो डे अटाकामा शहर बेस है, जहां से टूर जाते हैं. गीजर डेल टाटियो (सुबह के सबसे ऊंचे गीजर), सालार डे अटाकामा (फ्लेमिंगो वाली झीलें) और प्यूर्टो चिक्वा के हॉट स्प्रिंग्स पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. कभी-कभी एल नीनो के कारण अचानक बारिश होती है, तब पूरा डेजर्ट फूलों से भर जाता है. इसे ‘डेजर्ट ब्लूम’ कहते हैं. लेकिन ज्यादातर समय यहां सूखा ही रहता है, जो इसे और खास बनाता है.