ब्राजील में रेस्टोरेंट पर गिरा विमान, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में विमान हादसा हो गया. रिपोर्ट के मुताबिक, एक प्राइवेट जेट ‘पाइपर जेटप्रॉप DLX’ अनियंत्रित होकर एक रेस्टोरेंट से जा टकराया. टक्कर होते ही विमान में भीषण आग लग गई. इस हादसे में पायलट समेत विमान में सवार सभी 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, रेस्टोरेंट बंद था, वरना जमीन पर भी कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे. यह विमान साओ पाउलो से उड़ान भरकर कैपाओ दा कैनोआ एयरपोर्ट की ओर जा रहा था. लैंडिंग के वक्त रनवे के आखिरी छोर पर विमान एक पोल से टकरा गया, जिससे पायलट ने कंट्रोल खो दिया. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि विमान का अगला हिस्सा ऊपर की ओर था, तभी वह सीधे रिहायशी इलाके में बने रेस्टोरेंट में जा घुसा. क्रैश के तुरंत बाद बिल्डिंग की छत से काला धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के घरों को खाली करा लिया है.

दमकल विभाग ने पुष्टि की है कि हादसे में मारे गए लोगों में पायलट नेलियो पेसानहम और उनके पार्टनर रेनन साएस शामिल हैं. इनके अलावा इवेंट मैनेजमेंट एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करने वाले दो पैसेंजर डेबोरा बेलैंडा ऑर्टोलानी और लुइस एंटोनियो ऑर्टोलानी की भी मौत हो गई है. सिविल डिफेंस की प्रवक्ता सबरीना रिमास ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और सुरक्षित घेरा बनाया.

रियो ग्रांडे डो सुल के गवर्नर एडुआर्डो लेइट ने कहा कि वह इस पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं और सभी सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है. रिपोर्ट में बताया गया है कि इस हादसे से कुछ घंटे पहले ही मेक्सिको के प्यूब्ला शहर में भी एक छोटा विमान क्रैश हुआ था, जिसमें 4 लोगों की जान गई थी. फिलहाल ब्राजील की जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विमान में कोई तकनीकी खराबी थी या यह हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ.